PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में उम्मेदपुर और मालपुरा के बीच नेशनल हाईवे-325 पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
भेड़-बकरियों के लिए चारा लेकर पैदल घर लौट रहे बुजुर्ग को बाइक सवार दो युवकों ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना आहोर थाना क्षेत्र की उम्मेदपुर चौकी क्षेत्र में हुआ।जानकारी के अनुसार, मालपुरा निवासी बाबराराम देवासी (65) अपनी भेड़-बकरियों के लिए चारा लेकर पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तखतगढ़ से आहोर की तरफ जा रहे रेवत निवासी माधुसिंह रावणा राजपूत (20) और बालोतरा के काठाड़ी निवासी प्रकाश कुम्हार (19) की बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में बाबराराम के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक सवार माधुसिंह और प्रकाश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तखतगढ़ सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सुमेरपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही तखतगढ़ थाने से हेड कॉन्स्टेबल जगदीश सिंह बिश्नोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और जरूरी कार्रवाई की। वहीं आहोर थाना क्षेत्र की उम्मेदपुर चौकी से कॉन्स्टेबल चंदू कुमार और शेर सिंह भी मौके पर पहुंचे।
मृतक के शव को तखतगढ़ हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। मामला उम्मेदपुर चौकी क्षेत्र का होने के कारण पुलिसकर्मियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

