PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के करड़ा थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक संदिग्ध मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में स्मैक (मार्फिन) और मैफाडोन (मोली) बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से ड्रग्स की बिक्री से मिला कैश भी जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांचौर अतिरिक्त SP आवड्दान के निर्देशानुसार और रानीवाड़ा वृताधिकारी (RPS) भवानीसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी शिवराज सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
7 जून को लोकल एवं स्पेशल एक्ट की कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली। इस पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करड़ा निवासी लाखाराम के रहवासी मकान पर छापा मारा।
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस टीम को भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ बरामद हुए, जिसमें स्मैक (मार्फिन): 23.1 ग्राम, मैफाडोन (मोली) 16.5 ग्राम, नगद राशि 17,830 भी जब्त की।मजदूर ही निकला सप्लायर
पुलिस ने मौके से अवैध ड्रग्स और नकदी को जब्त कर आरोपी लाखाराम (30 वर्ष) पुत्र जवाराम, जाति रावणा राजपूत, निवासी करड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से मजदूरी करता है।
करड़ा थाना में आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 66, धारा 8/21 और 22 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
करड़ा थानाधिकारी शिवराजसिंह के साथ उप-निरीक्षक उकाराम, कॉन्स्टेबल हनुमानाराम, कॉन्स्टेबल श्रवणकुमार, कॉन्स्टेबल केसाराम, महिला कॉन्स्टेबल ब्रह्मा और कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे।

