
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-सिकवाड़ा निवासी पूरणसिंह की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पूरणसिंह की लाश जसोल थाना क्षेत्र से बरामद हुई। मामले की जांच सिवाना थाना पुलिस कर रही है।
17 अप्रैल को पूरणसिंह के पिता जोगसिंह ने रामसीन थाने में रिपोर्ट दी कि उनके बेटे की सोशल मीडिया के जरिए मवड़ी निवासी छतरसिंह की बेटी से जान-पहचान हुई थी। 13 अप्रैल की सुबह 6 बजे लड़की ने पूरणसिंह को फोन कर मवड़ी बुलाया। पूरणसिंह दोपहर 2 बजे मवड़ी पहुंचा। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया। वह घर नहीं लौटा। रिपोर्ट पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
जालोर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी मोटाराम गोदारा और डीएसपी अन्नराज राजपुरोहित के सुपरविजन में रामसीन थानाधिकारी तेजू सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाली गई।
विश्लेषण में सामने आया कि पूरणसिंह की आखिरी लोकेशन मवड़ी, थाना सिवाना में मिली। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इस पर जालोर एसपी ने बालोतरा एसपी को सूचना दी। रामसीन थाने से एएसआई अमरसिंह के नेतृत्व में टीम सिवाणा भेजी गई। सिवाना में संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ में सामने आया कि पूरणसिंह की हत्या कर दी है। मामले की जांच सिवाना थाना पुलिस कर रही है।


