
PALI SIROHI ONLINE
*कृत्रिम रूप से पकाए गए फलों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान जारी*।
आहोर अमृत सिंह रावणा-राजपूत
जालोर .खाद्य सुरक्षा विभाग ने कृत्रिम रूप से पकाए जा रहे फलों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है। यह अभियान 24 मई से 30 मई 2025 तक चलेगा। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हनवंत सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में कुछ फल विक्रेता फलों को जल्दी पकाने या लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए नॉन परमिटेड रसायनों का उपयोग करते हैं। आम को कैल्सियम कार्बाइड से, केले को रसायनों से पकाया जाता है। तरबूज और खरबूज में सिंथेटिक या रासायनिक संरक्षण पाया जाता है। अंगूर और सेब पर अत्यधिक वैक्स कोटिंग या कीटनाशक अवशेष होते हैं। ऐसे फल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का उल्लंघन करते हैं।
इनका सेवन करने से तंत्रिका तंत्र पर असर, कैंसर, त्वचा रोग और पेट की बीमारियां हो सकती हैं। अभियान के तहत सोमवार को कान्हड़देव कृषि उपज मंडी, जालोर में संचालित फर्मों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। यहां से आम, केला, अंगूर, सेब, पपीता के नमूने लिए गए। हरिदेव जोशी सर्किल स्थित रिटेल दुकानों से तरबूज और मौसमी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इससे आहोर की सब्जी मंडी में आशापुरा सोनाणा खेतलाजी फ्रूट भंडार और मैसर्स नरपतलाल शंकरलाल अमराजी फ्रूट भंडार का निरीक्षण किया गया। यहां से फल और सब्जियों के नमूने लिए गए। प्लास्टिक कैरेट में रखे करीब 70 किलो सड़े-गले फल मौके पर ही नष्ट करवाए गए। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


