जालोर/विशनगड-ज्वेलरी-शॉप से चोरी के मामले में 4 पकड़ेः महिलाएं गहने दिखाने के बहाने उलझाती थी, कार भी जब्त की
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के बिशनगढ़ थाना पुलिस ने उम्मेदाबाद स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 3 महिलाओं सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बातों में उलझा कर की थी चोरी
थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया- 9 अप्रैल 2026 को उम्मेदाबाद स्थित उमंग गोल्ड शोरूम के मालिक मुकेश कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 7 अप्रैलको तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में आईं और चांदी की पायल दिखाने का झांसा दिया। इस दौरान एक महिला ने दुकानदार को बातों में उलझाए रखा, जबकि अन्य ने मौका पाकर चांदी की पायलों और नाक की फिणियों (नोज पिन) का बॉक्स अपने कपड़ों में छिपा लिया और फरार हो गईं।
थानाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने उम्मेदाबाद से जोधपुर और देचू तक करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान की गई, जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
चोरी के आरोप में जोधपुर के मसूरिया बस्ती निवासी कमला (38) पत्नी भवानी सिंह नट, मौसमी (49) पत्नी राजेश नट, रईसा देवी (38) पत्नी बलवंत सिंह राजनट और पप्पुराम (36) पुत्र शफी राम नट को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए हैं और वारदात में उपयोग ली गई कार को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

