• April 21, 2026

बागोड़ा- बेकाबू बोलेरो पलटी, एक की मौतः 3 घायल, नरसाना के पास हुआ हादसा; विवाह समारोह से लौट रहे थे

PALI SIROHI ONLINE

खीमाराम मेवाडा

बागौड़ा (जालोर-जालौर जिले के बागोड़ा उपखंड क्षेत्र में सोमवार दोपहर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नरसाणा और सेवड़ी गांव के बीच बालाजी होटल के पास नीलगाय को बचाने के प्रयास में बोलेरो के अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ।जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार चार लोग विवाह समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन का नियंत्रण खो दिया। बोलेरो सड़क से नीचे उतरकर कई बार पलट गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों का इलाज जारी

हादसे में दादाल निवासी डूंगरसिंह पुत्र वचनसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बागोड़ा निवासी गणपत सिंह पुत्र चेलसिंह, चौराऊ निवासी दिलीप सिंह पुत्र चंदनसिंह और बागोड़ा निवासी महेंद्र सिंह पुत्र जबर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए भीनमाल के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही बागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अचानक सामने आई नीलगाय को बचाने का प्रयास माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page