
PALI SIROHI ONLINE
सुमेरपुर-सुमेरपुर समीपवर्ती कोलीवाड़ा गांव में जाखोड़ा रोड पर शुक्रवार रात चोरों ने 5 बंद मकानों के ताले तोड़ दिए। मकान मालिक कृषि कार्य के चलते बाहर थे। चोरों ने नकदी, जेवरात और खाने-पीने का सामान चुरा लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना 18 अप्रैल की रात की है। कोलीवाड़ा-जाखोड़ा मार्ग पर उदाराम पुत्र मगाजी कीर, दलपतराम, शंकरलाल भैराजी, ढलाराम भैराजी और मनाराम कीर के मकानों में चोरी हुई। चोरों ने उदाराम के घर से 5 किलो घी चुराया।
इसी घर में एक साल पहले भी चोरी हुई थी। तब 10 लाख के गहने और नकदी ले गए थे। ढलाराम के घर से चोर 2 कांसे की थाली, एक पीतल की परात और 500 ग्राम चांदी का कंदोरा ले गए। शंकरलाल के घर से चांदी के कड़लिया और पेटी में रखे 10 हजार रुपये चुरा लिए। लोहे के मजु में रखे लाखों के गहने बच गए। चोरों ने मजु का ताला तोड़ा। उसमें रखे बिस्तर बाहर निकाले। तीन बिस्तर बचे रह गए। उन्हीं के नीचे करीब 20 लाख रुपये के गहने रखे थे। चोरों ने वे बिस्तर नहीं हटाए और वहां से चले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : आनंद सिंह की माइंस से चोर केबल चुरा ले गए। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस खंगाल रही है। करीब 10 माह पहले भी इन मकानों में चोरी हुई थी। तब 12 लाख से ज्यादा की नकदी और जेवरात ले गए थे। पुलिस अब तक चोरों का सुराग नहीं लगा पाई है।


