PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
फालना अग्निकांड : तीन मौतों के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस ड्यूटी और सुरक्षा इंतजामों की जांच की मांग
फालना व्यापार संघ के नेतृत्व में व्यापारियों एवं नगरवासियों ने स्वर्ण मंदिर के सामने धरना-प्रदर्शन किया।
तखतगढ 10 नवम्बर (खीमाराम मेवाडा) फालना कस्बे में स्वर्ण मंदिर के सामने दीपावली की रात पटाखों की दुकान में लगी भीषण आग ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दर्दनाक हादसे में फालना नगरपालिका की नवनिर्वाचित पार्षद ऊषा पुनमिया, उनके पति एवं जेठ की दुखद मृत्यु के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश भी व्याप्त है।
इस घटना ने पटाखों की दुकान के संचालन, सुरक्षा मानकों, अनुमति प्रक्रिया और प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही दीपावली जैसे संवेदनशील अवसर पर पुलिस की ड्यूटी व्यवस्था, मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन की तत्परता तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया की भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
आखिर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पटाखों की दुकान के संचालन के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। संबंधित विभागों की निगरानी कैसी थी। पुलिस की ड्यूटी किस प्रकार निर्धारित की गई थी। हादसे के दौरान बचाव एवं राहत कार्य कितनी तत्परता से किए गए। इन सभी पहलुओं की जांच से ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
इन्हीं मांगों को लेकर मंगलवार को फालना व्यापार संघ के नेतृत्व में व्यापारियों एवं नगरवासियों ने स्वर्ण मंदिर के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हादसे की न्यायिक जांच, प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था की भूमिका की समीक्षा, जिम्मेदारी तय करने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
तीन अनमोल जिंदगियों की कीमत पर उठे इन सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जरूरत है कि जांच केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि पुलिस ड्यूटी से लेकर प्रशासनिक निगरानी तक प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।





