PALI SIROHI ONLINE
पाडवा (सागवाड़ा), डूंगरपुर-पाड़वा के ननोमा फला स्थित हनुमान मंदिर के पास बीती रात एक निजी अस्पताल के डॉक्टर गजेंद्र राव और उनकी पत्नी की कार पर अज्ञात बाइक सवार युवकों ने पथराव किया। इस घटना में दंपती बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर गजेंद्र राव अपनी पत्नी के साथ कार से झाखरी से पाड़वा स्थित अपने निजी अस्पताल जा रहे थे। रात करीब दस बजे सागवाड़ा की तरफ से आ रहे एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने चलती बाइक से उनकी कार के आगे के शीशे पर जोर से पत्थर मारा।
सौभाग्य से, घटना के समय डॉक्टर राव ने कार की रफ्तार धीमी कर रखी थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद डॉक्टर ने अपनी कार रोकी, लेकिन तब तक दोनों आरोपी युवक तेज रफ्तार से बाइक भगाकर मौके से भाग गए।
घटना के बाद डॉक्टर राव ने अस्पताल पहुंचकर पाड़वा पुलिस चौकी पर फोन करके पूरी घटना की जानकारी दी।

