PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-धांता गांव में नवसृजित ग्राम पंचायत का कार्यालय मेघवाल समाज के सामुदायिक भवन में खोलने के प्रस्ताव का समाज के लोगों और ग्रामीणों ने विरोध किया है।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि पंचायत कार्यालय सामुदायिक भवन के बजाय पुराने पंचायत भवन में ही खोला जाए।उनका कहना है कि पुराने भवन की मरम्मत करवाकर उसे पंचायत कार्यालय के रूप में उपयोग किया जा सकता है।
पुराने भवन में 15 साल चला था पंचायत कार्यालय
ग्रामीणों के अनुसार धांता में नई ग्राम पंचायत का गठन हुआ है और नवगठित पंचायत का कार्यालय खोलने के लिए ग्राम पंचायत मकरोड़ा की ओर से मेघवाल समाज के सामुदायिक भवन का प्रस्ताव भेजा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से पंचायत का भवन मौजूद है, जो वर्ष 1982 में बना था। इसी भवन में करीब 15 साल तक पंचायत कार्यालय संचालित हुआ था। वर्तमान में यहां राशन की दुकान चल रही है।
चंदे से 2500 वर्ग फीट में बनाया सामुदायिक भवन
ग्रामीणों ने बताया कि मेघवाल समाज ने चंदा एकत्र कर करीब 2500 वर्ग फीट क्षेत्र में सामुदायिक भवन का निर्माण करवाया है। यह भवन समाज के सामाजिक और सामुदायिक कार्यों के लिए उपयोग होता है। यहां बच्चों की ट्यूशन लगती है और बुजुर्ग भी बैठते हैं। इसके अलावा शादी-विवाह और मौत-मरण सहित अन्य सामाजिक कार्यक्रम भी इसी भवन में आयोजित किए जाते हैं।
ग्रामीण बोले- भवन पंचायत कार्यालय के लिए देने से सामाजिक गतिविधियां प्रभावित होंगीसमाज के लोगों का कहना है कि यदि सामुदायिक भवन में पंचायत कार्यालय शुरू किया गया तो समाज के लोगों के सामाजिक कार्यों के लिए जगह नहीं बचेगी और नियमित गतिविधियां प्रभावित होंगी। ग्रामीणों ने मांग की कि पुराने पंचायत भवन की आवश्यक मरम्मत करवाकर वहीं नवसृजित ग्राम पंचायत का कार्यालय संचालित किया जाए।
उनका कहना है कि इससे पंचायत को भी भवन मिल जाएगा और सामुदायिक भवन का उपयोग सामाजिक कार्यों के लिए जारी रह सकेगा।

