PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के भमरासिया घाटी चौराहे पर बने नेशनल हाईवे 48 के ओवरब्रिज पर एक सड़क हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।डबोक थाने के हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह ने बताया कि कानोड़ के नया बाजार इलाके के रहने वाले हरि सिंह पंवार अपने बेटे दीपक के साथ स्कूटी से उदयपुर की तरफ जा रहे थे। दोनों जैसे ही भमरासिया घाटी चौराहे के ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बेकाबू होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर लगते ही हरि सिंह और उनका बेटा दीपक सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए। हादसे को देख मौके पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इस दुर्घटना की जानकारी डबोक थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को तुरंत एंबुलेंस में बैठाया और इलाज के लिए उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल के लिए रवाना किया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में हरि सिंह पंवार 50 पुत्र मोहन सिंह पंवार ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके बेटे दीपक का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंपा। परिजनों कीओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

