PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम स्थित श्री राधा माधव ठाकुर जी मंदिर की 50 वीं वर्षगांठ इस वर्ष ग्रामीणों द्वारा गोल्डन जुबली के रूप में हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाई जा रही है। जिसको लेकर दो दिवसीय कार्यक्रम आज से शुरू होंगे जिसको लेकर तैयारिया पूरी कर दी गई है।
चामुंडेरी में यह प्राचीन व चमत्कारी मंदिर क्षेत्रवासियों के लिए गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर में स्थापित राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रतिमाएं ऐसी प्रतीत होती हैं मानो दर्शन करने आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु से साक्षात संवाद कर रही हों।
गोल्डन जुबली समारोह को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है तथा ग्रामीण पिछले कई दिनों से जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है और भव्य धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा बनाई गई है।
कार्यक्रम के तहत 23 फरवरी 2026 को हल्दी, मूर्ति पूजन, अभिषेक, भव्य शोभायात्रा, पालकी एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं 24 फरवरी को ध्वजा कार्यक्रम एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
ग्रामीणों का कहना है कि ठाकुर जी मंदिर वर्षों से गांव की आस्था, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का केंद्र रहा है। गोल्डन जुबली के इस पावन अवसर पर क्षेत्र के भक्तजन बढ़-चढ़कर भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित करेंगे तथा पूरे आयोजन को यादगार बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

