PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/पिन्टु अग्रवाल
पाली जिले के सुमेरपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 स्थित महावीर कॉलोनी में लंबे समय से सफाई के अभाव के कारण नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पाली सिरोही ऑनलाइन की खबर प्रकाशित होते ही सुमेरपुर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया है।
कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक दीपक कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही वार्ड नंबर 18 गंदगी की खबर सामने आई तो कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल रिपोर्ट तलब कर ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौके पर शीघ्र कार्यवाही कर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि जोराराम कुमावत लगातार विभिन्न सरकारी बैठकों में अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतने के निर्देश देते रहे हैं। इसके बावजूद उनके ही गृह क्षेत्र सुमेरपुर के वार्ड 18 में सामने आई इस लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई है और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।

