PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के भीनमाल में एक युवक की संदिग्ध हालत में बॉडी मिली थी। करीब 21 दिन बाद में परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या की गई थी। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन दिया, जिसमें बताया कि मामले में अगर पुलिस ने 7 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
भाई बोला- हत्या से एक दिन पहले कॉल किया था
मृतक के भाई भुराराम पुत्र कालाराम ने बताया- कपूरा उर्फ कपियाराम शादी के बाद से अपने ससुराल में ही रहता था। लेकिन काफी समय उसके और ससुराल पक्ष में अनबन चल रही थी।
25 मई को उसके ससुराल से कुछ दूरी पर सुनसान जगह पर उसकी बॉडी संदिग्ध हालत में मिली थी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार भी करवा दिया। परिजनों ने 1 जून को भीनमाल थाने में रिपोर्ट दी थी। लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की और किसी नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार नहीं किया है।
भाई भुराराम ने बताया कि कपियाराम ने मौत से एक दिन पहले 24 मई को फोन कर मां सकी देवी से बात की थी, जिसमें उसने रोते हुए बताया था कि उसकी सास उषादेवी, पत्नी मरसू, साली अनिया और साला कृष्ण कुमार उसे जान से मारना चाहते हैं। उसने फोन पर उसे बचाने की गुहार लगाई थी और कहा था कि आप लोग जल्दी आ जाओ। लेकिन एक दिन बाद ही 25 मई को भाई की लाश घर से दूर जमीन पर संदिग्ध हालत में पड़ी मिली थी।
हत्या को आत्महत्या करने का आरोप
उन्होंने बताया कि मृतक के गले या आसपास कोई रस्सी नहीं थी और न ही पैरों में जूते थे। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत युवक की हत्या की और मामले को सुसाइड का रूप देने के लिए शव को लटकाने का प्रयास किया।
इसे लेकर परिवार के लोगों ने 7 दिन पहले भी धरना प्रदर्शन कर जालोर एसपी से मिलकर जांच अधिकारी बदलने और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। लेकिन अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया हैं।
ऐसे में आज फिर कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें चेतावनी दी है कि 7 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कि गई तो आगामी सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के साथ अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

