PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के भीनमाल में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटोरिक्शा को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो पलटने से पति-पत्नी की मौत हो गई। उनके बेटा-बेटी सहित चार लोग घायल हो गए। हादसा रानीवाड़ा रोड पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुआ।
भीनमाल थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया-महिला परिवार के साथ भाई को राखी बांधने के लिए रानीवाड़ा क्षेत्र के शिवगढ़ में पीहर जा रही थी। इसी दौरानकोड़ी सगी नदी से पहले पेट्रोल पंप के पास हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया। लोगों ने घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर भीनमाल के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने दासपा बस स्टैंड के पास रहने वाले वरदाराम (42) पुत्र तेजाराम भील और उनकी पत्नी छगन देवी (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके दोनों बच्चों सुमेराराम (10), जानू कुमारी (4), ऑटो ड्राइवर मसराराम भील और स्कॉर्पियो में सवार रोहित पुत्र रामाराम पुरोहित घायल हो गए।
स्कॉर्पियो ड्राइवर की तलाश कर रही पुलिस
जानू कुमारी और मसराराम की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें आगे रेफर किया गया। सुमेराराम और रोहित का भीनमाल में इलाज चल रहा है। जानू कुमारी का गुजरात के पालनपुर में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। स्कॉर्पियो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।


