PALI SIROHI ONLINE
बारवा गांव में घर के भीतर निकला अत्यंत जहरीला रसल वाइपर, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा
बाली। बाली उपखंड के बारवा गांव में एक घर के अंदर अत्यंत जहरीले रसल वाइपर (Russell’s Viper) सांप के निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वाइल्ड एंड स्ट्रीट एनिमल रेस्क्यू टीम, बाली के सदस्य दिलीप सेन मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार बारवा निवासी भूपेंद्र सिंह के घर में सांप दिखाई देने पर परिजनों ने तुरंत वाइल्ड एंड स्ट्रीट एनिमल रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रेस्क्यू टीम के सदस्य दिलीप सेन ने जांच की तो वह अत्यंत विषैले रसल वाइपर प्रजाति का सांप निकला। यह सांप अपने शक्तिशाली हेमोटॉक्सिक (Hemotoxic) विष के लिए जाना जाता है, जिसका डंसना इंसानों के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।
दिलीप सेन ने पूरी सावधानी के साथ सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने टीम के कार्य की सराहना की और राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी आबादी क्षेत्र में सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। तुरंत वाइल्ड एंड स्ट्रीट एनिमल रेस्क्यू टीम के हेल्पलाइन नंबर 9828260702 (कांतिलाल प्रजापत) पर सूचना दें, ताकि वन्यजीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


