PALI SIROHI ONLINE
बांसवाड़ा-बांसवाड़ा में पड़ोसी किराएदार सैलून संचालक ने घर में घुसकर ब्लेड से महिला का गला काट दिया। पैरों पर भी वार किए। दर्द से तड़पती महिला की आवाज सुनकर आए परिजनों ने हॉस्पिटल पहुंचाया। वहीं आरोपी फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना सदर थाना क्षेत्र के तेजपुर में रविवार दोपहर करीब 1 बजे हुई।
घर में काम कर रही थी महिला, तभी पहुंचा आरोपी
सदर एएसआई रमेशचंद्र ने बताया प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेजपुर निवासी रेखा (30) अपने घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में किराए पर रहने वाला सूरज नाई वहां पहुंचा और किसी पुराने विवाद को लेकर महिला से कहासुनी के बाद उस पर हमला कर दिया।
ब्लेड से किए कई वार, गंभीर घायल हुई महिला
ASI ने बताया – आरोपी ने अपने पास रखे ब्लेड से महिला के गले और पैरों पर वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। महिला की चीख पुकार सुनकर घरवाले और आसपास के लौग दौड़े। दर्द से तपड़ती महिला को तत्काल एमजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहीं घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
रिपोर्ट दर्ज, हमले के कारणों की जांच जारी
ASI रमेशचंद्र के अनुसार, महिला की ओर से दी गई रिपोर्ट में घटना का कारण स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह सहित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं आरोपी की तलाश की जा रही है।
सैलून चलता है आरोपी, महिला का पति कुवैत में
सदर थाना SHO रूपसिंह ने बताया- आरोपी सूरज दानपुर थाना क्षेत्र के छोटी सरवन का रहने वाला है। तेजपुर में किराए के कमरे में रह रहा था। करीब 6 किलोमीटर दूर सेनावासा में सैलून चलता है। फिलहाल घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।पुलिस ने बताया- महिला रेखा का पति राकेश कुवैत में रहकर काम करता है। घटना के समय घर का काम कर रही थी। इस दौरान आरोपी ने पीछे से आकर हमला कर दिया।


