PALI SIROHI ONLINE
बाली-रडावा में 13 लाख की नकबजनी का खुलासा, शातिर नकबजन नाणा निवासी भैराराम जोगी गिरफ्तार
बाली 15 जुलाई। पाली जिले की बाली थाना पुलिस ने रडावा (बाली) में हुई करीब 13 लाख रुपये की नकबजनी का खुलासा करते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भैराराम पुत्र रामाराम जोगी (26 वर्ष), निवासी पंचायत गली, नाणा, जिला पाली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 9 मामले नकबजनी के शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन (आईपीएस) बाली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चेन सिंह महेचा तथा बाली dsp पारस चौधरीं के सुपरविजन में बाली थाना अधिकारी परबत सिंह पुलिस ने इस वारदात का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को परिवादी दिनेश कुमार सीरवी ने बाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि 14 जून 2026 को वह और उसकी पत्नी खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे बने कमरे का ताला तोड़कर घर में घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 13 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। इस संबंध में बाली थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी भैराराम जोगी निवासी नाणा थाना क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया माल बरामद कर लिया गया है तथा शेष माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी भवत सिंह, सब इंस्पेक्टर गणपत सिंह, हेड कांस्टेबल हनवंत सिंह, कांस्टेबल कुलदीप कुमार तथा कांस्टेबल मुकेश डांगी की विशेष भूमिका रही।

