PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड़-आबूरोड पुलिस ने 7 लाख 88 हजार रुपए की साइबर ठगी के आरोपी राहुल शर्मा को पकड़ा है। आरोपी को गुरुवार को तमिलनाडु पुलिस को सौंप दिया गया। ये कार्रवाई एसपी पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर की गई।
सिरोही के साइबर थाने से साइबर धोखाधड़ी की शिकायत आबूरोड शहर पुलिस थाने में मिली थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई। एक्सिस बैंक आबूरोड से संदिग्ध खाता नंबर की जानकारी जुटाई गई।
जांच में पता चला कि यह खाता राहुल शर्मा का है। राहुल शर्मा गांधी पार्क, पीली हवेली के पास आबूरोड का रहने वाला है। फिलहाल वह हाउसिंग बोर्ड मानपुर, आबूरोड शहर, सिरोही में रहता है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस शिकायत से जुड़ा एक मामला तमिलनाडु के सलेम सिटी साइबर थाने में आईटी एक्ट के तहत दर्ज था। इसके बाद सलेम सिटी थाने को इसकी जानकारी दी गई।
आबूरोड पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और मुखबिरों की सूचना से राहुल शर्मा को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे सलेम सिटी पुलिस, तमिलनाडु को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में आबूरोड शहर पुलिस थाने के एसआई श्रवण सिंह, कॉन्स्टेबल श्रवण, अनिल कुमार और ओमप्रकाश शामिल थे।


