PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में शनिवार को तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा एक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अदालत में 31 मामलों का राजीनामा के माध्यम से निपटारा किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 31 करोड़ 87 लाख 180 रुपए के अवार्ड जारी किए गए। यह आयोजन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरोही के आदेशानुसार हुआ।
200 मामलों को किया सूचीबद्धविशेष लोक अदालत की अध्यक्षता तालुका विधिक सेवा समिति, आबूरोड के अध्यक्ष कुलदीप सूत्रकार ने की। इसमें सिविल, आपराधिक, एनआई एक्ट और अन्य श्रेणियों के कुल 200 प्रकरणों को सूचीबद्ध किया गया था। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आबूरोड और सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आबूरोड से 165 प्रकरणों को चिन्हित किया गया था, जिनमें से मुख्य रूप से फौजदारी और एनआई एक्ट (चेक अनादरण) से संबंधित 31 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
ये रहे मौजूद
इस विशेष लोक अदालत में तालुका विधिक सेवा समिति आबूरोड के सदस्य प्रो-बोनो अधिवक्ता अवधेश देवल, सचिव बेबी वर्मा और पीएलवी प्रतीक रावल उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त, बार काउंसिल आबूरोड के अध्यक्ष जितेंद्र सुराणा, उपाध्यक्ष अर्जुन दादरिया, पैनल एडवोकेट भावाराम गरासिया, वरिष्ठ अधिवक्ता हसीब अहमद सिद्दीकी और धर्मेन्द्र पुरोहित भी मौजूद थे। अन्य उपस्थित लोगों में अधिवक्ता धीरज दवे, पूजा ठाकोर, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और न्यायिक कर्मचारी शामिल थे।


