PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड़, सिरोही-आबूरोड जीआरपी थाना पुलिस ने ट्रेन में यात्रा के दौरान चोरी हुए 42 हजार रुपए के मोबाइल फोन को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी पूनाराम के नेतृत्व में बनी टीम ने एक मामले में कार्रवाई की। टीम ने आरोपी गणपतराम (26) को गिरफ्तार किया है। गणपतराम जोधपुर के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के तिबना गांव का रहने वाला है। उसके पास से चोरी हुआ सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 42 हजार रुपए है।
13 जुलाई को बैग में रखा फोन चुराया
पुलिस ने बताया- गणेश ने 13 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह 27 जून को जोधपुर-हडपसर ट्रेन में सफर कर रहा था। 28 जून को जब ट्रेन आबूरोड रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तब किसी अज्ञात चोर ने उसकी नींद का फायदा उठाकर बैग में रखा सैमसंग मोबाइल चुरा लिया।
पुलिस ने मोबाइल किया बरामद
मामला दर्ज होने के बाद जांच अधिकारी बालूराम ने चोरी हुए मोबाइल को तकनीकी निगरानी में रखा। लगातार ट्रैकिंग के दौरान पता चला कि मोबाइल का उपयोग गणपतराम कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और मोबाइल बरामद कर लिया।जीआरपी पुलिस अब आरोपी से संपत्ति से जुड़े अन्य अपराधों के बारे में भी पूछताछ कर रही है। आरोपी को बुधवार को जोधपुर के रेलवे महानगर स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी पूनाराम, बालूराम, पहाड़सिंह और किशनाराम की विशेष भूमिका रही।

