PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में मनादर-1 और मनादर-2 क्षेत्र की करीब 3800 बीघा सरकारी जमीन एक निजी सोलर कंपनी को देने का विरोध मंगलवार को कैलाशनगर में देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर धरना-प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी शामिल हुए। उन्होंने सरकार पर ग्रामीणों के हितों को नजरअंदाज कर निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। धरने के बाद ग्रामीणों ने कैलाशनगर के उप-तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने भूमि आवंटन प्रक्रिया तुरंत रद्द करने की मांग की।
धरना स्थल पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक लोढ़ा ने कहा कि भाजपा सरकार एक निजी कंपनी के फायदे के लिए ग्रामीणों के अधिकारों और हितों को नुकसान पहुंचा रही है। किसी भी परियोजना को शुरू करने से पहले स्थानीय ग्रामीणों के हितों और उनकी आपत्तियों को गंभीरता से सुना जाए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पूर्व विधायक ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों की भावनाओं और हितों की अनदेखी कर भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने यदि इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त नहीं किया तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा और ग्रामीणों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक लड़ी जाएगी।
धरना-प्रदर्शन के समापन पर ग्रामीणों ने उप-तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मनादर-1 एवं मनादर-2 क्षेत्र की हजारों बीघा भूमि के निजी कंपनी को आवंटित किए जाने के प्रस्ताव को अविलंब निरस्त करने तथा सार्वजनिक एवं ग्रामीण हितों की रक्षा करने की मांग की गई।


