PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड में नगर पालिका अध्यक्ष भावना अग्रवाल के पदभार ग्रहण समारोह से पहले गुरुवार को कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया। वे नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की।
कांग्रेस पार्षदों का आरोप था कि उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष के शपथ ग्रहण और पदभार ग्रहण समारोह में बुलाया नहीं गया। इस बात पर पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने अध्यक्ष भावना अग्रवाल औरअधिशासी अधिकारी दीपिका वीरवाल के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मौके पर मौजूद अधिशासी अधिकारी दीपिका वीरवाल ने पार्षदों से बात की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पार्टी स्तर पर रखा गया है। इस पर कांग्रेस पार्षदों ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम नगर पालिका परिसर में हो रहा है और इसका खर्च नगर पालिका उठा सकती है। इसलिए सभी चुने हुए प्रतिनिधियों को बुलाया जाना चाहिए था।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ देर तक तनाव रहा। बाद में भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्षदों से बात की और उन्हें शांत कराया। उन्होंने आमंत्रण में हुई गलती पर खेद भी जताया। इसके बाद कांग्रेस पार्षदों का सम्मान किया गया और मामला शांत हो गया। सभी पार्षद समारोह में शामिल हो गए।




