PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में मोबाइल स्नैचिंग का एक आरोपी गुरुवार को जांच के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी को पुलिस की 11 टीमों ने घेराबंदी कर कुछ ही घंटों में उसे वापस गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल बरामद करने घर ले गए थे आरोपी को
पुलिस ने बताया- मोबाइल स्नैचिंग के मामले में रवि गरासिया और अंकित शर्मा को गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार शाम को हेड कॉन्स्टेबल भंवरलाल और दो अन्य कॉन्स्टेबल रविगरासिया के साथ चोरी हुआ मोबाइल बरामद करने उसके घर गए थे। इसी दौरान आरोपी रवि गरासिया पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
आरोपी के भागने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पहाड़ी क्षेत्र की ओर भाग गया और पीछा कर रही पुलिस टीम पर पत्थरबाजी भी की। मामले की जांच कर रहे हेड कॉन्स्टेबल भोला ने आरोपी के फरार होने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के संबंध में सदर थाने में एक अलग मामला दर्ज कराया।
आरोपी को बसंतगढ़ क्षेत्र से पकड़ा
मामले में एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने आरोपी की तलाश के लिए सदर, शहर और रीको थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों की 11 टीमें गठित कीं। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और परिजनों पर भी निगरानी रखी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी को बसंतगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर वापस सदर थाने ले आई।
एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने सदर थाने में बताया कि विभिन्न पुलिस टीमों के आपसी समन्वय और लगातार प्रयासों से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को विभागीय कार्रवाई के तहत निलंबित कर दिया गया है।


