PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड। आबूरोड के निकट गिरवर गांव में 4 जून को एक युवक की हत्या के बाद तनाव और आरोपियों के घरों पर तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस घटना में अनादरा में तैनात कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार को प्रथम दृष्टया भूमिका सामने आने पर निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने कॉन्स्टेबल का मुख्यालय पुलिस लाइन सिरोही निर्धारित किया है।
आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के गिरवर गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला गरमा गया था। युवक की हत्या की आशंका को लेकर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्रित हुए। उन्होंने जमकर हंगामा किया और संदिग्ध आरोपियों के घरों पर ‘चढ़ोत्तरा’ (तोड़फोड़) कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ की।
मृतक युवक का शव शुक्रवार रात को खेत में संदिग्ध अवस्था में मिला था। शव पर चोट और खून के निशान पाए गए थे, जिसके बाद परिजनों ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई थी।
शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण गांव में एकत्रित हो गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे आक्रोशित भीड़ संदिग्ध आरोपियों के घरों पर पहुंची और हमला कर दिया। लोगों ने घरों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया और कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आबूरोड सदर, आबूरोड शहर, आबूरोड रीको, स्वरूपगंज और रेवदर थानों सहित भारी पुलिस बल गांव में तैनात किया गया। माउंट आबू वृत्ताधिकारी गोमाराम, आबूरोड सदर थानाधिकारी प्रदीप डांगा, रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह और शहर थानाधिकारी हरचंद देवासी सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
इस संबंध में वृत्त अधिकारी आबू पर्वत इस मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।


