बस पलटी एक की मौतः30 यात्री घायल, डिवाइडर तोड़ चित्तौड़गढ़ उदयपुर हाईवे पर हुआ हादशा
PALI SIROHI ONLINE
चित्तौड़गढ़-चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट बस पलट गई। इसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हैं। ये श्रद्धालु चित्तौड़गढ़ से प्रसिद्ध कृष्ण धाम सांवलियाजी दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे चित्तौड़गढ़ के भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंड के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस की छत पर बैठे 20 से 25 यात्री सीधे नेशनल हाईवे की पक्की सड़क पर जा गिरे। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पीछे से कोई तेज रफ्तार गाड़ी नहीं आ रही थी, वर्ना सड़क पर गिरे यात्री उसकी चपेट में आ सकते थे।
सर्विस रोड से अचानक मुख्य हाईवे पर आई बस बस
भादसोड़ा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया-‘राजनंदिनी’ नाम की एक प्राइवेट बस चित्तौड़गढ़ से यात्रियों को लेकर सांवलियाजी जा रही थी।
बागुंड के पास बस सर्विस रोड पर चल रही थी कि अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। बस सीधे नेशनल हाईवे की तरफ बढ़ गई, जहां आगे कोई रास्ता नहीं था। रफ्तार तेज होने के कारण बस ने जोरदार टक्कर मारते हुए डिवाइडर, वहां लगे बिजली के पोल और सुरक्षा रेलिंग को उखाड़ दिया और मुख्य हाईवे पर जाकर पलट गई।
हाईवे पर चीख-पुकार मची
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर भादसोड़ा पुलिस और चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के इलाकों से हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बस से बाहर निकाला और भादसोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) व सांवलियाजी मंडफिया हॉस्पिटल पहुंचाया। 4 से 5 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
