
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में पिंडवाड़ा तहसील के डिंगार गांव के जंगल में गुरुवार सुबह दो भालुओं ने एक मजदूर पर हमला कर दिया। घटना गुरुवार सुबह 7 बजे की है। हमले में घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वन विभाग में ट्रेंच खुदाई का काम चल रहा था। देवाराम अपने साथियों से करीब 50 फीट आगे चल रहा था। जैसे ही वह वन क्षेत्र में पहुंचा, दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से देवाराम नीचे गिर गया।
देवाराम की चीख सुनकर उसके साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह भालुओं को भगाया। इस हमले में देवाराम की दाहिनी आंख बाहर निकल गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस 108 के पायलट सुरेंद्र सिंह देवड़ा और मेल नर्स विनोद कुमार मौके पर पहुंचे।
घायल देवाराम को पहले सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जांच में उसके सिर की हड्डियों में फ्रैक्चर निकला। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे उदयपुर के महाराणा भूपाल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।


