PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी में ठाकुरजी मंदिर की 50 वी वर्षगांठ पर निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय माहौल से गूंजा गांव।
बाली उपखण्ड के चामुंडेरी ग्राम स्थित ठाकुरजी मंदिर की 50वीं वर्षगांठ (गोल्डन जुबली) के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हल्दी रस्म, मूर्ति पूजन एवं अभिषेक के साथ विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इसके पश्चात ठाकुरजी की पालकी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा ठाकुरजी मंदिर से बस स्टैंड होते हुए गांव के मुख्य मार्गों और प्रमुख चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान माता-बहनें, पुरुष व युवा भक्तिमय जयकारों के साथ नाचते-गाते नजर आए, जिससे पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण छा गया।
शोभायात्रा के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर ठाकुरजी की पालकी का भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज से माहौल धार्मिक रंग में रंगा रहा। आयोजन समिति के अनुसार दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

