PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ ने भीनमाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 क्विंटल डोडा चूरा बरामद किया है। टीम ने तस्करी में प्रयुक्त एक केटा कार को भी जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है।
एटीएस व एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम एन. के निर्देशन में एएनटीएफ द्वारा लगातार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ की जा रही है। इसी कड़ी में जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।
क्रेटा कार में की जा रही थी सप्लाई
भीनमाल से पुनासा की ओर एक क्रेटा कार में डोडा चूरा की सप्लाई की जा रही थी। सूचना मिलते ही एएनटीएफ टीम ने मुखबिरी के आधार पर भीनमाल-पुनासा रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध केटा कार भीनमाल की तरफ से आती दिखाई दी। टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन की गति तेज कर दी।
पुलिस की जीप में मारी टक्कर
एएनटीएफ टीम ने कार का पीछा करते हुए जालोर पुलिस को सूचना दी, जिस पर सरहद नोहरा के पास नाकाबंदी की गई। आगे-पीछे से घिरते देख टीम ने कार को रोकने के लिए स्टॉप स्टिक का उपयोग किया, जिससे कार का टायर फट गया। इसके बावजूद तस्कर फटे टायरों पर ही वाहन दौड़ाता रहा और सामने खड़ी जालोर पुलिस की बोलेरो को टक्कर मार दी। इसके बाद कार को सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला।
अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार
टीम ने करीब 10 किलोमीटर तक खड़ी फसलों के बीच तस्कर का पीछा किया, लेकिन अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। बाद में कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे 10 प्लास्टिक कट्टों में कुल 194.270 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। वाहन क्रमांक एमएच 12 टीडी 1365 को जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई में एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर, एएनटीएफ चौकी जालोर तथा पुलिस थाना भीनमाल की विशेष भूमिका रही। महानिरीक्षक पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में शामिल टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

