PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में एक साधु 66 साल के बुजुर्ग की सोने की चेन लेकर फरार हो गया। बुजुर्ग का कहना है कि उसने पहले 50 रुपए दिए थे। फिर कहा-इसे उतार कर दो, मैं मंत्र करके देता हूं। जैसे ही चेन उसे दी वह कार में फरार हो गया।
मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के आईडीबीआई बैंक के पास का सुबह 7 बजे का है। इस दौरान बुजुर्ग रायचंद जैन ने उसका पीछा भी किया लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इधर, ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। बुजुर्ग का कहना है कि वह नागा साधु था।
सोने की चेन मंत्र कर देने का झांसा दिया, 50 रुपए भी दिए
पीड़ित रायचंद ने बताया कि मैं सुबह नीम के पत्ते तोड़कर घर जा रहा था। इसी दौरान सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार आई। इसमें एक नागा साधु और ड्राइवर था।
मुझसे पूछा कि यहां शिवजी का मंदिर कहां पर है। जहां एक भी औरत नहीं होनी चाहिए। तब मैंने बताया कि आगे चौराहे पर ही मंदिर है।
इसके बाद मुझे कहा गले में पहना हुआ धागा मुझे दो… जीवन में आनंद हो जाएगा। मैंने धागा दे दिया। इसके बाद अंगूठी मांगी लेकिन मैंने कह दिया कि ये उतरती नहीं है।
इसके बाद मेरे सिर पर हाथ रखा और 50 रुपए दिए। इसके बाद उसे मुझे कहा-जीवन में सुख समृद्धि चाहिए तो गले में पहनी सोने की चेन दे दो उसे मंत्र कर दूंगा तो काफी फायदा होगा।
बुजुर्ग ने बताया कि पता नहीं मुझे क्या हुआ मैंने सोने की चेन उतार कर नागा साधु को दे दी। जैसे ही चेन दी वह कार में फरार हो गया।
5 लाख की कीमत, पीछा किया लेकिन पकड़ में नहीं आए
पीड़ित ने बताया कि मैंने इस दौरान कार का पीछा किया लेकिन वे फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चेन की कीमत करीब 5 लाख रुपए की है।
इसके बाद घर पहुंचा और परिवार के लोगों को बताई। इसके बाद थाने पहुंचे। वहां से अभय कमांड गए। रायचंद ने बताया कि ये लोग बिना नंबर की कार में आए थे।
मामले में कोतवाली थाने के SHO जसवंत सिंह का कहना है कि सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि आरोपी नया गांव होत हुए सुमेरपुर या खैरवा की तरफ गए है। जिले में नाकाबंदी करवा ली है।
