PALI SIROHI ONLINE
डूंगरपुर-डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के भेहणा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पीहर पक्ष ने इस मौत पर संदेह जताया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच अब उपखंड अधिकारी (SDM) द्वारा की जाएगी।
बिछीवाड़ा थाने के ASI संतोष कुमार ने बताया कि जुड़ा गांव निवासी बेचर आमलिया ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अपनी 27 वर्षीय बेटी नर्वदा कीशादी वर्ष 2021 में भेहणा निवासी देवीलाल डामोर के साथ की थी।
घटना की सही सूचना समय पर नहीं देने का आरोप बेचर आमलिया ने बताया कि उन्हें अचानक फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है। मृतका के पिता का आरोप है कि घटना की सही सूचना पीहर पक्ष को समय पर नहीं दी गई।
जब वे डूंगरपुर अस्पताल पहुंचे, तो परिजनों के आने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोगों ने नर्वदा के शव को मुर्दाघर में रखवा दिया था। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष के इस रवैये और जानकारी छिपाने के कारण उन्हें किसी बड़ी अनहोनी या साजिश का अंदेशा है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और फिर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसकी आगे की पड़ताल एसडीएम द्वारा की जाएगी।

