
PALI SIROHI ONLINE
पाली। पाली में 3 बच्चों के 40 वर्षीय पिता को बुधवार सुबह शौच कर लौटते समय सांप ने काट लिया। जिन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां ट्रोमा वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे ICU में भर्ती किया गया। जहां उसका उपचार जारी है। घटना को लेकर युवक के साथियों ने बताया कि पिछले करीब एक साल में तीन बार युवक को सांप ने काटा है।
घटना पाली शहर के मंडिया रोड डाइनेमिक सिटी क्षेत्र की है। यहां टेंट के गोदाम में काम करने वाला 40 वर्षीय मांगीलाल मेघवाल खुले में शौचकर आ रहा था। इस दौरान रास्ते में उसे सांप ने काट लिया। टेंट हाऊस पहुंचने पर वह बेहोश होने लगा तो साथियों को सांप के काटने की बात बताई। इस पर वे उसे तुरंत इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां उसका उपचार शुरू किया गया। लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। कैसे सांप ने काटा इसकी भी उसे जानकारी नहीं थी। बार-बार उसकी आंखें बंद हो रही थी। ऐसे में उसे ICU में शिफ्ट करना पड़ा। युवक मूल रूप से पाली जिले के सारण गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जो पाली में टेंट हाऊस में काम करता है।


