• March 22, 2026

चार्ज पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में ब्लास्ट:परिवार ने घर से बाहर आकर बचाई जान; तेज लपटों से जला पीवीसी पैनल

PALI SIROHI ONLINE

उदयपुर-उदयपुर में एक घर में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ बैटरी फटी और स्कूटी ने आग पकड़ ली। आवाज सुनकर मालिक दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। धमाका इतना तेज था कि आसपास पड़ोसी घरों से बाहर आ गए। इसके बाद उन्होंने भी पानी से आग बुझाई।

शहर के वल्लभनगर उपखंड के शांति नगर में रविवार को पंकज अग्रवाल के घर में रखी इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी। तभी स्कूटी से उठी आग की तेज लपटों से छत पर लगा पीवीसी पैनल जल गया। अफरा-तफरी में पूरा परिवार घर से बाहर आ गया। एहतियात के तौर पर घर में रखा सिलेंडर सुरक्षित रूप से बाहर फेंक दिया गया।

पकंज कहा- मैं घर आया तो इलेक्ट्रिक स्कूटी में से धुआं निकल रहा था। गाड़ी की डिक्की खोली तो आग की तेज लपटें छत तक पहुंच गई। वहीं अंदर कमरों तक जाने लगी थी। लोगों की काफी कोशिश के बाद काबू पाया जा सका। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने स्कूटी बनाने वाली ओकिनावा कंपनी पर सवाल उठाते हुए सरकार से बैन लगाने की मांग की है।

परिवार को कुछ हो जाता तो कौन जिम्मेदार होता?: स्कूटी मालिक

स्कूटी मालिक पंकज अग्रवाल ने बताया- मैंने 8 अगस्त 2022 को इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। घर के पार्किंग स्पेस एरिया में इलेक्ट्रिक स्कूटी में बैटरी चार्ज लगा रखी थी। अचानक स्कूटी में ब्लास्ट हुआ। मैंने तुरंत चार्जर हटाकर फेंका। डिक्की खोलते ही आग जलते हुए दिखी। देखते ही देखते छत को छूते हुए तेज लपटें निकलने लगी। उन्होंने कहा- अगर हादसे में परिवार में किसी को कुछ हो जाता तो उसका जिम्मेदार कौन होता।

वहीं, क्षेत्रवासियों ने भी इलेक्ट्रिक स्कूटी बनाने वाली ओकिनावा कंपनी पर बैन लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा- यह लोगों की जान के लिए खतरा साबित हो रही है। आए दिन इलेक्ट्रिक स्कूटियों में बैटरी ब्लास्ट की घटनाएं सामने आ रही हैं।

You cannot copy content of this page