
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में कोरियोग्राफर ने गर्लफ्रेंड की सगाई से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी। युवक ने युवती को होटल में मिलने बुलाया था। बातचीत के दौरान विवाद होने पर गुस्से में लड़की का सिर जोर से दीवार पर मार दिया। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद युवक ने ब्लेड से खुद के हाथ की नसें काट ली। मामला हिरणमगरी थाना क्षेत्र का है।
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया- आरोपी युवक सेक्टर-3 निवासी विजय भोई कोरियोग्राफर है। युवक ने ऋषभदेव हाल हिरणमगरी निवासी निकिता पुत्री ओमप्रकाश त्रिवेदी की परशुराम चौराहा स्थित होटल कासा गोल्ड में हत्या की थी। हत्या से पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। युवती प्राइवेट कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। हिरणमगरी में भाई के साथ किराए पर रहती थी।
सगाई के बाद बात करना बंद कर दी थी
थानाधिकारी ने बताया- दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। एक-दूसरे से प्रेम संबंध थे। इस बीच लड़की की किसी और लड़के से सगाई हो गई थी। उसने युवक से बात करना बंद कर दिया था। ये बात युवक को पसंद नहीं आई। युवक ने युवती से आखिरी बार मिलने की इच्छा जताई। सोमवार को उसे परशुराम स्थित होटल में मिलने बुलाया।
दोनों के बीच सगाई की बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद युवक ने उसका सिर दीवार में जोर से मार दिया। युवती अचेत होकर गिर गई। युवक ने खुद भी सुसाइड की कोशिश की। ब्लेड से हाथ की नस काटी, लेकिन दर्द सहन नहीं कर पाया। होटल से सीधा एमबी हॉस्पिटल में भर्ती हो गया। युवती होटल के कमरे में ही पड़ी रही और मौत हो गई।
शव होटल में पड़ा रहा
आरोपी होटल में ही शव छोड़कर भागा था। उसने इस बारे में किसी को नहीं बताया था। होटल के कमरे की आज सुबह सफाई करने स्टाफ पहुंचा तब मामले का खुलासा हुआ। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और होटल में दर्ज आईडी के आधार पर आरोपी तक पहुंची। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए।


