PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर रविवार देर शाम मालेरा टोल के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शाम करीब 7:45 बजे जीप और कार में आमने-सामने की टक्कर में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर 3 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पिंडवाड़ा केसरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। मोरस चौकी से पुलिसकर्मी गजेंद्र सिंह और अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई।
बेहद गंभीर हालत होने पर एक को गुजरात ले गए परिजन पिंडवाड़ा में घायलों की हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही जिला मुख्यालय के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उन्हें तीन अलग-अलग एंबुलेंस से सिरोही ले जाया गया। घायलों में से एक की हालत बेहद गंभीर होने पर परिजन उसे लेकर गुजरात रवाना हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईवे पर इन दिनों सड़क के डामरीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके चलते वन-वे व्यवस्था लागू की गई थी। निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, संकेतक और डिवाइडर नहीं होने को हादसे का कारण बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


