PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-लेकसिटी में लगातार बारिश से झीलों, बांधों सहित तालाब और एनीकट में पानी की आवक जारी है। शहर की प्रमुख झील पिछोला और फतहसागर सहित अन्य झील-बांध लबालब हो चुके हैं। इसी के साथ ही इस सीजन में पर्यटन बढ़ने की खासी उम्मीद है। एक दिन पहले फतहसागर झील के 6-6 इंच गेट खोले गए थे।
पिछोला झील का जलस्तर उसकी 11 फीट क्षमता के लगभग करीब पहुंच चुका है। वहीं, प्रदेश की सबसे लंबी रपट और 19.5 फीट क्षमता वाला वल्लभनगर सरजणा बांध का जलस्तर 16 फीट पहुंच गया है। अब इसके छलकने की उम्मीद है। इधर, गोवर्धन सागर अब 9 फीट क्षमता से महज 7 इंच खाली है। जबकि मादड़ी बांध पर 2 इंच का ओवर फ्लो जारी है।
हाईवे पर पानी भरने से लगा जाम
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे 48 पर तेज बारिश से रोड पर पानी भर गया। जिससे जाम लग गया। करीब आधे घंटे हुई तेज बारिश के कारण हाईवे पर कई जगह पानी भर गया। जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहन चालक और यात्री परेशान होते रहे। अहमदाबाद से आने वाले और उदयपुर जाने वाली दोनों हाईवे रोड पर यह स्थिति थी। धीरे-धीरे वाहन आगे बढ़ते रहे।
उदयपुर सहित संभाग में दो दिन यलो अलर्ट उदयपुर जिले में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। सुबह जिलेभर में कुछ जगहों पर रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के लिए उदयपुर सहित संभाग में यलो अलर्ट रहेगा। यानी 8 व 9 सितंबर को भारी वर्षा, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। इसके बाद बारिश कम होने की संभावना है।