PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर/-उदयपुर में एक युवक से परेशान होकर पति-पत्नी ने जहर खाकर सुसाइड का प्रयास किया। दोनों को गंभीर हालत में एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। जहां पत्नी की बेहद हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ जारी है।
शहर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में यह घटना रविवार देर रात करीब 11 बजे की है।
थानाधिकारी वेलाराम ने बताया- पति-पत्नी दोनों ने जहरखाकर सुसाइड का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस एमबी हॉस्पिटल पहुंची और पति-पत्नी के बयान दर्ज किए। पत्नी ने बताया- उसे एक युवक शादी से पहले से परेशान कर रहा है। सोशल मीडिया पर उसे जान से मारने की धमकी देता है और मिलने का दबाव बनाता है।
आरोपी ने उसके पति को भी एक बार घेरकर मारने का प्रयास किया था। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी ने युवक द्वारा युवती को परेशान किए जाने के स्पष्ट कारणों पर कोई जबाव नहीं दिया। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी से पूछताछ करते हुए जांच जारी है।
पिता बोले- पुलिस को दी थी शिकायत, कार्रवाई नहीं की
युवती के पिता ने बताया- मेरी बेटी को आरोपी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहता था। उसे ब्लैकमेल करते हुए लाखों रुपए ऐंठ लिए। फरवरी 2026 में मैंने बेटी की शादी करा दी। इसके बाद आरोपी ने मेरी बेटी को सोशल मीडिया पर धमकी देना शुरू किया। कुछ महीने पहले मेरे दामाद को 4 लोगों ने घेरकर मारने का प्रयास किया। उस समय अंबामाता थाने में रिपोर्ट दी थी, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर मामूली कार्रवाई करते हुए बाद में उसे बरी कर दिया।
युवती के पिता ने बताया- एक महीने पहले मैं उज्जैन गयाथा। मेरी बेटी मेरे रेस्टोरेंट पर बैठी थी। तब आरोपी आया और बेटी को चाकू दिखाकर धमकी देते हुए बोला- तेरा बाप कहां है, उसे जान से मारना है। उस समय भी अंबामाता थाना पुलिस को रिपोर्ट दी थी। पुलिस ने आरोपी को पाबंद करके छोड़ दिया। पुलिस अगर आरोपी पर सख्ती से कार्रवाई करती तो आज मेरी बेटी को ये कदम नहीं उठाना पड़ता।

