PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
गुजरात में आयुष्मान कार्ड को सुचारु रूप से लागू करने की मांग तेज,शैलेश घांची ने सरकार को दिया 7 दिन का समय अपने संगठनात्मक पद से इस्तीफा देने पर भी विचार कर सकते है
तखतगढ 15 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) गुजरात में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड की प्रभावी और सुचारु व्यवस्था को लेकर जनआवाज़ लगातार मजबूत होती जा रही है। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर जारी किए गए शैलेश घांची और समाजसेवी तुलसी पटेल के वीडियो व्यापक रूप से वायरल हो रहे हैं तथा उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
शैलेश घांची ने अपने वीडियो संदेश में सरकार से मांग की है कि आगामी 7 दिनों के भीतर आयुष्मान कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाए और योजना को पूरे गुजरात में प्रभावी रूप से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में समाधान नहीं होता है तो वे पार्टी की गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे तथा अपने संगठनात्मक पद से इस्तीफा देने पर भी विचार करेंगे।
वहीं समाजसेवी तुलसी पटेल भी लंबे समय से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं। वे लगातार वीडियो संदेशों और जनसंपर्क के माध्यम से सरकार का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित कर रहे हैं। आयुष्मान कार्ड से संबंधित समस्याओं को लेकर उन्होंने भी कई बार सरकार को आगाह किया है और शीघ्र समाधान की मांग की है।
सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देख और साझा कर रहे हैं। हजारों नागरिक कमेंट्स और संदेशों के माध्यम से इस मांग का समर्थन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आयुष्मान भारत जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए।
शैलेश घांची ने कहा कि सरकार उनकी अपनी है, लेकिन जनता का हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “यदि जनता के हितों की रक्षा के लिए सरकार से सवाल पूछने पड़ें या आवाज़ बुलंद करनी पड़े तो हम पीछे नहीं हटेंगे। जनता को इलाज में परेशानी हो रही है और यदि आयुष्मान कार्ड का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो सरकार को इसका कारण भी स्पष्ट करना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बावजूद यदि लोगों को योजना का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है तो इस विषय पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। घांची और तुलसी पटेल ने सरकार से मांग की है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि प्रदेश के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

