PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
जीवदया और सेवा की अनूठी मिसाल : भामाशाह ने बनवाया आधुनिक पक्षीघर,पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने किया उद्घाटन
तखतगढ 24 जून (खीमाराम मेवाडा) पशुपालन विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने विधानसभा क्षेत्र के बसंत ग्राम में एक समारोह के दौरान फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर पक्षीघर व नंदी गोशाला को आमजन और मूक प्राणियों के लिए समर्पित किया। भामाशाह भवरी देवी धर्म पत्नी बिहारी लाल राजपुरोहित द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत करवाए गए इस निर्माण कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। यह पक्षीघर आधुनिक सुविधाओं से लैस है जहां पक्षियों के दाने-पानी और रहने की उत्तम व्यवस्था की गई है। वहीं नंदी गोशाला में बेसहारा नंदियों के रखरखाव और चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई है।
‘ऐसे पुनीत कार्य दिखाते हैं परोपकार का मार्ग’
समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा, इस आधुनिक पक्षीघर और गोशाला का निर्माण स्थानीय भामाशाह (दानदाता) के सहयोग से करवाया गया है, जो क्षेत्र में मूक पक्षियों और बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि “जीवदया, सेवा और पर्यावरण संरक्षण की भावना से निर्मित यह पक्षीघर एवं नंदी गोशाला न केवल मूक प्राणियों के संरक्षण का श्रेष्ठ उदाहरण है, बल्कि समाज को करुणा, संवेदनशीलता और सेवा संस्कार का प्रेरक संदेश भी देता है। उन्होंने भामाशाह के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पुनीत कार्य समाज को सेवा, परोपकार और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का मार्ग दिखाते हैं। भारतीय संस्कृति में जीवदया को सर्वोपरि माना गया है और जब समाज के समृद्ध लोग इस तरह के कार्यों के लिए आगे आते हैं, तो सरकार के प्रयासों को भी बल मिलता है।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान पूनम सिंह परमार जिला उपाध्यक्ष, ओम सिंह, हुकम सिंह, शंकर सिंह राजपुरोहित, पन्ना लाल माली सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। समारोह में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और भामाशाह का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।


