
PALI SIROHI ONLINE
संगारेड्डी-तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में दवा बनाने वाली फैक्ट्री की रिएक्टर यूनिट में विस्फोट से 10 मजदूरों की मौत हो गई। अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसा पाशमिलारम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज में सुबह 8:15 बजे से 9:30 बजे के बीच हुआ।
IG वी सत्यनारायण ने बताया, ‘घटनास्थल से छह शव बरामद हुए जबकि दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा 26 अन्य घायल हैं। NDRF, DRF, SDRF की टीमों के साथ ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौजूद हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट करके हादसे पर दुख जताया है। साथ ही प्राइम मिनिस्टर नेशनल रिलीफ फंड से मृतकों के परिजन को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दिए जाने की घोषणा की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। साथ ही मलबे में कई लोगों के फंसे होने की खबर है। अभी विस्फोट की वजह सामने नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक रिएक्टर में अचानक तेजी से केमिकल रिएक्शन होने की वजह से विस्फोट हो सकता है।
धमाके से कई मीटर दूर जा गिरे मजदूर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि वहां काम कर रहे मजदूर करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरे। विस्फोट की वजह से रिएक्टर यूनिट तबाह हो गई है। मलबे के नीचे कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है।
आग पर काबू पाने के लिए दो फायर रोबोट और डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट को भी तैनात किया गया है। कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि अधिकतर मजदूर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। एक शिफ्ट में 60 से ज्यादा मजदूर और 40 अन्य लोगों का स्टाफ काम करता है।
65 देशों में एक्सपोर्ट होते हैं कंपनी के प्रोडक्ट
सिगाची इंडस्ट्रीज फार्मास्यूटिकल पाउडर बनाती है। यह साल 1989 से माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज (MCC) बना रही है। यह सफेद रंग का पाउडर होता है। इसमें कोई गंध या स्वाद नहीं होता है।
MCC का उपयोग दवा और कॉस्मेटिक इंडस्ट्री में किया जाता है। सिगाची इंडस्ट्रीज की हैदराबाद समेत पूरे देश में पांच फैक्ट्रियां हैं। कंपनी के प्रोडक्ट 65 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट किए जाते हैं।
फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर में 9.89% की गिरावट आई। तब तक यह 49.72 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है।


