PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
नगरपालिका नवगठित बोर्ड के कांग्रेस एव निर्दलीय पार्षदो ने बोर्ड बैठक शीघ्र बुलाने की उठाई मांग,
पालिकाध्यक्ष एव ईओ सहित उच्च अधिकारीयो को ज्ञापन सौपकर तीन प्रमुख जनहित के मुद्दे एजेंडे में शामिल करने का किया आग्रह
तखतगढ़ 23 अक्टूबर (खीमाराम मेवाडा) नगरपालिका तखतगढ़ के नवगठित बोर्ड को एक महिना गुजरने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस एव निर्दलीय पार्षदो ने नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बैठक शीघ्र आयोजित करवाने तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को बैठक के एजेंडे में शामिल करने की मांग को लेकर नगरपालिका के निर्वाचित कांग्रेस एव निर्दलीय 10 पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष जयश्री नामा ईओ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष फुटरमल सुथार एवं युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष संजय हिरागर भी साथ रहे। ज्ञापन में पार्षदों ने बताया कि 21 सितंबर 2026 को पालिकाध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बावजूद अभी तक नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बैठक आयोजित नहीं की गई है। इसके चलते नगर के विभिन्न वार्डों की जनसमस्याओं, विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा नाली-नाला निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोर्ड में चर्चा एवं आवश्यक निर्णय नहीं हो पा रहे हैं। जिस के कारण पार्षदों ने राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 48 एवं 51 के प्रावधानों के अनुरूप बोर्ड की बैठक शीघ्र आयोजित करवाने की मांग उठाई है।
गंवई तालाब की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग
ज्ञापन में गंवई तालाब के ओवरफ्लो पानी की निकासी के लिए स्थायी मार्ग सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्षदों ने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान तालाब में पानी की आवक बढ़ने से आसपास की बस्तियों एवं आबादी क्षेत्र में जलभराव की आशंका बनी रहती है। इसके समाधान के लिए उपलब्ध प्राकृतिक एवं वैकल्पिक निकासी मार्गों का सर्वे करवाकर तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने तथा स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाने की मांग की गई।
इसके साथ ही ऊपरी बस्तियों से गंवई तालाब में आने वाले गंदे पानी की आवक रोकने एवं उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था करने का मुद्दा भी उठाया गया। पार्षदों ने संबंधित नालों एवं जल निकासी मार्गों का तकनीकी सर्वे करवाने, आवश्यक निर्माण कार्यों की योजना तैयार करने तथा बजट प्रावधान के साथ प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
EWS एवं LIG भूखंडों का रिकॉर्ड बोर्ड के समक्ष रखने की मांग
पार्षदों ने वर्ष 2012 के बाद विकसित नई कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) एवं निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए आरक्षित भूखंडों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की। साथ ही ज्ञापन में कॉलोनीवार आरक्षित भूखंडों की संख्या, उनके क्षेत्रफल, अब तक किए गए आवंटन, शेष भूखंडों की स्थिति, लाभार्थियों की सूची तथा आवंटन संबंधी आदेशों का विवरण बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की मांग की गई। साथ ही, यदि किसी आरक्षित भूखंड का अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग किया गया हो अथवा निर्धारित प्रक्रिया से अलग उसका निस्तारण किया गया हो, तो संबंधित अभिलेख एवं नियमानुसार की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया।
इन पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन सौंपने वाले पार्षदों में अनराज मेवाड़ा (वार्ड 19), सरोज मेवाड़ा (वार्ड 16), भंवरलाल मीना (वार्ड 12), रामचंद्र जीनगर (वार्ड 10), मनीष उर्फ मनोहर कुमार (वार्ड 18), अतकी (वार्ड 11), प्रमिला सरगरा (वार्ड 17), सूरज कुमार (वार्ड 15), भरत सोनी (वार्ड 3) एवं वेनाराम प्रजापत (वार्ड 2) शामिल रहे। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष फुटरमल सुथार एवं युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष संजय हिरागर भी मौजूद रहे।
पारदर्शिता के साथ निर्णय लेने पर जोर
पार्षदों ने कहा कि उक्त तीनों विषय नगर के पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य, जलभराव की समस्या के समाधान, नगर नियोजन एवं सार्वजनिक संपत्तियों के पारदर्शी प्रबंधन से जुड़े हैं। इसलिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक अभिलेख, तकनीकी रिपोर्ट एवं तथ्यात्मक विवरण प्राप्त कर इन विषयों पर बोर्ड की बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद नियमानुसार निर्णय लिया जाना चाहिए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि निदेशक एवं विशिष्ट शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान, जयपुर; उपनिदेशक, स्थानीय निकाय विभाग, जोधपुर तथा अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका तखतगढ़ को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है।
पार्षदों ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नगरपालिका बोर्ड की बैठक शीघ्र आयोजित करने तथा तीनों प्रमुख मुद्दों को बैठक के विधिवत एजेंडे में शामिल करने की मांग की।




