PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
मदुरै में तेरापंथ महिला मंडल का भव्य “श्री उत्सव” संपन्न,महिला प्रतिभाओं को मिला सशक्त मंच
तखतगढ 22 जून (खीमाराम मेवाडा) सोमवार को तेरापंथ भवन, मदुरै में तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित “श्री उत्सव” का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सुरेश गुप्ता एवं दिनेश सालेचा ने फीता काटकर उत्सव का उद्घाटन किया। इसके पश्चात महिला मंडल की बहनों ने प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
महिला मंडल की अध्यक्षा दीपिका फुलफागर ने स्वागत भाषण देते हुए मंडल की विभिन्न योजनाओं एवं श्री उत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। तेरापंथ सभा के अध्यक्ष गौतम गुलेच्छा एवं मंत्री अभिनंदन बागरेचा ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
मुख्य अतिथि सुरेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके कौशल को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का एक उत्कृष्ट मंच है। वहीं दिनेश सालेचा आईजा प्रदेशाध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं की सामाजिक एवं सांस्कृतिक भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
उत्सव में शॉपिंग, स्वादिष्ट व्यंजन एवं मनोरंजक गेम्स सहित कुल 44 स्टॉल लगाए गए, जिनमें महिलाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में 400 से अधिक सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। आगंतुकों ने विभिन्न स्टॉलों का आनंद लेते हुए महिला मंडल की इस अभिनव पहल की सराहना की।
विशेष आकर्षण के रूप में फादर्स डे के अवसर पर “लकी फादर एंड चाइल्ड” प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। बच्चों एवं अभिभावकों की सहभागिता ने कार्यक्रम में पारिवारिक सौहार्द का सुंदर वातावरण निर्मित किया।
इस अवसर पर समाज की अनेक महिलाओं ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, पाक-कला एवं व्यावसायिक कौशल का प्रदर्शन कर आत्मनिर्भर भारत की भावना को साकार किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि महिलाओं को अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकती हैं। उपस्थित जनों ने आयोजन को अत्यंत सफल बताते हुए महिला मंडल के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा इसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया। अंत में मंत्री मधु पारख ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्द, उत्साह और सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ।





