PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
नियमित टीकाकरण सत्र का किया निरीक्षण, शत-प्रतिशत टीकाकरण के दिए निर्देश
तखतगढ 23 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) ब्लॉक सुमेरपुर क्षेत्र में आयोजित नियमित टीकाकरण (रूटीन इम्यूनाइजेशन) सत्र का आज ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत के निर्देशन में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीकाकरण सत्र की व्यवस्थाओं, वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव (कोल्ड चेन), सुरक्षित टीकाकरण पद्धति, लाभार्थियों के पंजीकरण एवं रिकॉर्ड संधारण का गहन अवलोकन किया गया।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत ने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को विभिन्न जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे एवं गर्भवती महिला का निर्धारित समय पर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा अथवा गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे।
ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार गिरी ने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर बताया गया कि सभी टीके पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, एएनएम, आशा सहयोगिनी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

