PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/पिन्टू अग्रवाल
सुमेरपुर में विनायक कॉरपोरेशन सरसों तेल फैक्ट्री पर छापा, 12,495 किलोग्राम तेल सीज, पूर्व में भी सैंपल फेल होने के बावजूद जारी था उत्पादन, विभिन्न कंपनियों के टीनों में हो रही थी पैकिंग*
सुमेरपुर (पाली), 12 जून 2026/ राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत चिकित्सा विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने पाली जिले के सुमेरपुर कस्बे में बड़ी कार्रवाई करते हुए जाखामाता रीको क्षेत्र स्थित विनायक कॉरपोरेशन सरसों तेल निर्माण इकाई पर औचक निरीक्षण किया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण श्रीमती टी. शुभमंगला के निर्देश तथा सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने भारी मात्रा में सरसों तेल सीज किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चन्द्र शर्मा एवं दिलीप सिंह यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर 15 किलोग्राम क्षमता के 533 टीन नौ दुर्गा ब्रांड एवं 300 टीन ज्योति ब्रांड सरसों तेल को सीज किया। सीज किए गए तेल की कुल मात्रा 12,495 किलोग्राम है। दोनों ब्रांडों के नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
*विभिन्न कंपनियों के टीनों में की जा रही थी पैकिंग*
निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि फैक्ट्री संचालक खीमाराम माली द्वारा विभिन्न कंपनियों के खाली टीनों का उपयोग कर ज्योति एवं नौ दुर्गा ब्रांड नाम से सरसों तेल की पैकिंग की जा रही थी। मौके पर गुलाब, अडानी, रानी, श्री जी, बनास एवं अंकुर सहित विभिन्न कंपनियों के खाली टीन बड़ी संख्या में पाए गए, जिनका उपयोग पैकिंग कार्य में किया जा रहा था।
*पूर्व में भी लग चुका है जुर्माना*
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि पूर्व में भी इस फर्म से लिए गए खाद्य तेल के नमूने जांच में अवमानक पाए गए थे, जिसके आधार पर न्यायालय द्वारा जुर्माना लगाया गया था।
इसके अतिरिक्त राजस्थान सहित अन्य राज्यों में भी नौ दुर्गा ब्रांड के खाद्य तेल के नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे। इसके बावजूद फर्म संचालक द्वारा नियमों की लगातार अवहेलना की जा रही थी, जिस पर विभाग ने सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है।
*टैंकों के आसपास गंदगी का अंबार, स्वच्छता मानकों की खुली पोल*
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में बने अंडरग्राउंड तेल टैंकों के आसपास कीचड़, रेत एवं गंदगी पाई गई। वहीं फिल्टर हाउस में निर्माण कार्य में प्रयुक्त सीमेंट से भरी बाल्टियां एवं अन्य सामग्री रखी मिली। अधिकारियों ने आशंका जताई कि ऐसी परिस्थितियों में तेल के साथ बाहरी अशुद्धियां मिश्रित होने की संभावना बनी रहती है। टीम ने फैक्ट्री संचालक को तत्काल स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
*मिलावट के संदेह पर 12,495 किलो तेल सीज*
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट एवं गुणवत्ता संबंधी गंभीर संदेह के आधार पर 12,495 किलोग्राम सरसों तेल को मौके पर ही सीज कर दिया। पूर्व में नमूने फेल होने तथा वर्तमान निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए पुनः कानूनी नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
*जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी : डॉ. मारवाल*
डॉ. विकास मारवाल ने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।





