PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
*सुमेरपुर में 8 अगस्त को होगा आरयूआईडीपी संवाद कार्यक्रम*
*पंचम चरण के प्रस्तावित विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से लिए जाएंगे सुझाव*
पाली, 7 अगस्त। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत सुमेरपुर नगर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर 8 अगस्त को नगर पालिका सभागार, सुमेरपुर में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी साझा करना तथा जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं अन्य हितधारकों से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त करना है।
उपखण्ड अधिकारी सुमेरपुर ने बताया कि भारत सरकार से स्वीकृत आरयूआईडीपी के पंचम चरण के तहत विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित सिटी लेवल कमेटी (सीएलसी) के माध्यम से शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का चिन्हीकरण कर डीपीआर तैयार किया जाएगा। इसी उद्देश्य से हितधारकों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए आरयूआईडीपी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, नगर के जनप्रतिनिधि, पूर्व एवं वर्तमान पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि तथा अन्य हितधारक भाग लेंगे।
संवाद कार्यक्रम में पंचम चरण के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा प्रतिभागियों से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक के आधार पर परियोजना को और अधिक जनोपयोगी एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
आरयूआईडीपी अधिकारियों ने सभी आमंत्रित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं हितधारकों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होकर नगर के समग्र विकास के लिए अपने सुझाव देने की अपील की।


