PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर-सुमेरपुर के अणगोर औद्योगिक क्षेत्र में राजस्थान स्टेट सीड्स कॉर्पोरेशन के खाद-बीज गोदाम में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी और कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम में फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरे इलाके में घना धुआँ फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। लाखों रुपये के खाद-बीज जलकर राख हो जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सुमेरपुर, शिवगंज और आसपास के क्षेत्रों से तीन दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए।
मौके पर संयंत्रक प्रबंधक नंदकिशोर जाट, कर्मचारी ईश्वर सिंह, गार्ड विजय सिंह, तथा दमकल विभाग से ड्राइवर प्रकाश महावर, फायरमैन संदीप और भंवर देवासी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर करीबी नजर रखे हुए था।
फिलहाल, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। हालांकि, नुकसान का सही आकलन विभागीय जांच के बाद ही सामने आएगा।


