PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर-सुमेरपुर | भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर, पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अशोक मेनारिया एवं रणजी खिलाड़ी राजेश बिश्नोई 9 अगस्त को सुमेरपुर पहुंचेंगे। तीनों टाउन हॉल में एलीट स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से आयोजित गोड़वाड़ स्पोर्ट्स संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के खिलाड़ियों से रूबरू होंगे।
जानकारी आईपीएल में समन्वयक की भूमिका निभा चुके रामनगर निवासी एवं एलीट स्पोर्ट्स अकादमी के संस्थापक देवेंद्र सिंह सिसोदिया ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान तीनों क्रिकेटर युवा खिलाड़ियों से संवाद करेंगे अपनेखेल जीवन के अनुभव, संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा करेंगे। साथ ही क्रिकेट में करियर बनाने के इच्छुक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अनुशासन, फिटनेस और प्रतियोगी खेलों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। सिसोदिया ने बताया कि एलीट स्पोर्ट्स अकादमी पूर्व में भी अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सुमेरपुर आमंत्रित कर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उनसे सीधे मिलने और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराती रही है। उन्होंने कहा कि गोड़वाड़ स्पोर्ट्स संवाद का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरित करना और उन्हें उच्च स्तर के खिलाड़ियों के अनुभवों से जोड़ना है, ताकि वे खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें।


