PALI SIROHI ONLINE
सोमेसर-सोमेसर कस्बे के पास सोडावास गांव में रामदेवरा यात्रियों के लिए चलाए जा रहे निःशुल्क राम रसोड़े का समापन बुधवार शाम को किया गया। यह भंडारा नवलाराम महाराज की प्रेरणा से व्यापारी मित्र मंडल अहमदाबाद की ओर से पिछले 15 सालों से संचालित किया जा रहा था।
इस साल 11 दिनों तक हजारों यात्रियों को बाबा रामदेव के दर्शन के लिए जाते समय निःशुल्क भोजन, चाय, नाश्ता, दवाइयां और ठहरने की व्यवस्था दी गई।समापन से पहले मंगलवार रात को एक भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें भजन गायक श्याम निवास एंड पार्टी पिलोवनी ने बाबा रामदेवजी के भजन सुनाए। देर रात तक श्रोता भजनों पर झूमते रहे।
बुधवार को रामदेवजी की विशेष पूजा अर्चना की गई। क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना के साथ लापसी का भोग लगाया गया। यह लापसी यात्रियों और श्रद्धालुओं में बांटी गई। दिन भर प्रसादी वितरण के बाद आरती के साथ 11 दिवसीय सेवा कार्यक्रम पूरा हुआ।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष हेमराज सेजु, उपाध्यक्ष चुनीलाल वागोना, कूकाराम पंवार, हंसाराम जोधा, दलाराम परिहारिया, दरगाराम गोदा, पेमाराम बामनिया, शेराराम खटुलिया, मोडाराम आगलेचा, ढलाराम चौहान, गणेश दहिया, सुरेश सेजु, पारसकुमार, जसराय अनकिया, पाचाराम प्रजापत समेत बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी लोग मौजूद रहे।


