PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत के पास नेशनल हाईवे 162 पर गुरुवार शाम को एक सड़क हादसा हो गया। यहां बागावास गांव के पास मवेशी के अचानक सामने आ जाने से दो ट्रॉले आपस में टकरा गए। हादसे में पीछे वाले ट्रॉले का केबिन बुरी तरह टूट गया, हालांकि ड्राइवर बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
सोजत थाने के ड्यूटी ऑफिसर हेड कॉन्स्टेबल माधाराम ने बताया कि पाली से सोजत की तरफ टाइल्स से भरा एक ट्रॉला आ रहा था। उसके आगे अचानक एक मवेशी आ गया, जिससे ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
कागज के गत्तों से भरा ट्रॉला पीछे से जा घुसा
इसी दौरान पीछे से कागज के गत्तों से भरा एक और ट्रॉला आ रहा था, जो आगे वाले ट्रॉले में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर सोजत पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची।
हादसे में पीछे वाले ट्रॉले का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं लगी। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर ट्रैफिक रुक गया था, जिसे पुलिस ने तुरंत चालू करवा दिया। पुलिस अब हादसे का शिकार हुए ट्रॉले को क्रेन की मदद से हटाने की कोशिश कर रही है।




