सोजत-जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बोयल में विशेष जनसुनवाई आयोजित, कई समस्याओं का मौके पर समाधान
PALI SIROHI ONLINE
जय नारायण सिंह सोजत
जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बोयल में विशेष जनसुनवाई आयोजित, कई समस्याओं का मौके पर समाधान
सोजत उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोयल में गुरुवार को जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में “विशेष जनसुनवाई” का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में सोजत उपखंड के समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण की कार्रवाई की गई।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 18 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें पेयजल सप्लाई, जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना, नई सड़क निर्माण, बिजली मीटर परिवर्तन, नामांतरण तथा पेंशन योजना से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी द्वारा सभी प्रकरण संबंधित विभागों को हस्तांतरित किए गए, जिनमें से 6 प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से मौके पर आवेदन भरवाकर प्रमाण पत्र भी वितरित किए। साथ ही सभी विभागों द्वारा लंबित एवं चिन्हित कार्यों का भी निस्तारण किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा धारा 136 के तहत नाम शुद्धि के 8 प्रकरण, नामांतरण के 10 प्रकरण तथा एफआरसी से संबंधित 5 प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। पीएचईडी विभाग ने पानी की टंकी के पास सफाई अभियान चलाया तथा दो लिकेज की मरम्मत करवाई।
बिजली विभाग द्वारा 12 बिजली मीटर बदले गए, 5 नए खंभे लगाए गए तथा 3 नए कनेक्शन जारी किए गए। शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थियों को चिन्हित किया जिनके जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र नहीं बने थे। इसके तहत 61 जाति प्रमाण पत्र एवं 42 मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करवाए गए।
समाज कल्याण विभाग द्वारा 13 पालनहार सत्यापन एवं एक नए पेंशन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की गई। विभाग ने बताया कि ग्राम पंचायत में पेंशन सत्यापन का कोई प्रकरण लंबित नहीं है।
पशुपालन विभाग ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 40 नए रजिस्ट्रेशन किए तथा 100 पशुओं का एफएमडी वैक्सीनेशन किया। पंचायत राज विभाग द्वारा विवाह प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र एवं नाम सुधार से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया।
मेडिकल विभाग द्वारा शिविर में आए ग्रामीणों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को तारबंदी योजना, खेत-तलाई योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए जागरूक किया।
विशेष जनसुनवाई के आयोजन से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से राहत मिली तथा कई समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सका।
